जिला प्रशासन की ओर से शुरू किए अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर को टीम ने नगर क्षेत्र के करीब डेढ़ दर्जन लोगों से संपर्क कर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण स्वयं हटाने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिक्रमण हटाओ टीम और स्थानीय लोगों के बीच नोकझोंक भी हुई। टीम ने बताया कि मंगलवार को फिर से सड़क से अतिक्रमण को हटाया जाएगा।
सोमवार को राजस्व, पुनर्वास, नगर पालिका और लोनिवि की टीम ने हनुमान चौक से शुरू कर नगर के करीब डेढ़ दर्जन लोगों से संपर्क पर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सड़क के दोनों ओर लोनिवि की दीवारों को अतिक्रमण मुक्त करवाया जाएगा। बताया कि दर्जनों लोगों ने सड़क के दोनों साइड सीढ़ियां, भवन बनाकर अतिक्रमण किया है, जिससे आवाजाही में असुविधा हो रही है। इस दौरान पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मोहन रावत, कांग्रेस के जिला महासचिव ज्योति डोभाल, देवेंद्र नौडियाल, सभासद विजय कठैत, पंकज रतूड़ी सहित कई लोगों ने प्रशासन की कार्यवाही का विरोध करते हुए कहा कि नई टिहरी विस्थापित शहर है।
पुरानी टिहरी डूबने के दौरान प्रशासन अपील कर लोगों को नगर में स्थापित किया था, लेकिन अब लोगों पर राष्ट्रपति शासन की आड़ में जुल्म ढहाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जिन लोगों ने अतिक्रमण किया है, उनसे सर्किल रेट पर पैसा जमा करवाकर शहर को उजड़ने से बचाना चाहिए। इस मौके पर पुनर्वास एई राकेश थपलियाल, पालिका के ईओ संजय कुमार, जगमोहन रावत, ममता पंवार, अरुण उनियाल, गुरु प्रसाद डोभाल आदि मौजूद थे।