घनसाली बेलेश्वर अस्पताल में स्वास्थ्य शिविर में जांच कराने पहुंचे लोग। स्रोत जागरूक पाठक
शिविर में 117 गर्भवती महिलाओं का हुआ अल्ट्रासाउंड
ग्रामीण 12 दिनों से बेलेश्वर और घनसाली बस अड्डे में कर रहे हैं आंदोलन
घनसाली (टिहरी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर में स्वास्थ्य विभाग की पहल पर विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 117 गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया गया। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने 155 महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरित की। दो माह के इंतजार के बाद बेलेश्वर अस्पताल को सर्जन मिल गया है। सर्जन डॉ. शिव प्रसाद भट्ट ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
प्रसव के बाद भिलंगना क्षेत्र की दो गर्भवती महिलाओं की मौत के बाद लचर स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में पिछले 12 दिनों से बेलेश्वर और घनसाली बस अड्डा परिसर में दो अलग-अलग स्थानों पर आंदोलन चल रहा है। बुधवार रात भी एक गुट ने अखोड़ी में स्वास्थ्य सेवाओं को चाक-चौबंद करने की मांग को लेकर मशाल जुलूस निकाला।
क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पिछले दिनों प्रत्येक माह के प्रथम बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर में विशेष शिविर लगाने का निर्णय लिया था जिसके तहत आज बेलेश्वर अस्पताल में शिविर का आयोजन किया। सीएमओ डॉ. श्याम विजय ने बताया कि शिविर में जिला अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट डॉ. नागेंद्रदत्त गौराला ने 117 गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव जगंपागी और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका नेगी ने 155 महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बेलेश्वर अस्पताल में सर्जन पद पर डॉ. शिव प्रसाद भट्ट ने पौड़ी से स्थानांतरण होकर बृहस्पतिवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया है। वह आज शुक्रवार से विधिवत बेलेश्वर अस्पताल में सेवाएं देगे। पिछले दो माह से बेलेश्वर अस्पताल में सर्जन का पद रिक्त चल रहा था।