नई टिहरी। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति का धरना और क्रमिक अनशन बृहस्पतिवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। वहीं सीएम ने स्थानीय लोगों को मामले में वार्ता के लिए न्योता दिया और कहा कि भूमि को लेकर कोई विवाद नहीं है।
बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल के नेतृत्व में गणेश चौक बौराड़ी में लखवीर चौहान, नवीन सेमवाल, राहुल बुटोला, पर्वत कुमाईं, संतोष आर्य, देवांक चमोली, अंकुश, अमित रतूड़ी, सतीश चमोली, गंगा भगत सिंह नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट क्रमिक अनशन पर बैठे रहे। इस मौके पर महिपाल नेगी, कमल सिंह महर, प्रीति चौहान, डॉ. उम्मेद सिंह नेगी, किशोरी लाल चमोली, सीपी डबराल, जगजीत नेगी आदि मौजूद रहे।
दूसरी ओर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंंह रावत के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री धामी से मिला। रावत ने बताया कि सीएम ने कहा कि सरकार टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण करने की पक्षधर है। भूमि चयन को लेकर भी किसी स्तर पर कोई विवाद नहीं है। प्रतिनिधिमंडल में मंडल अध्यक्ष विजय कठैत, परमवीर पंवार आदि मौजूद रहे।