हिंदाव पट्टी की एक युवती के साथ मोबाइल पर प्रेम प्रसंग करना पंजाब के दो युवकों को भारी पड़ गया। युवती के बुलावे पर युवक पंजाब से अपने दोस्त के साथ हुलाणाखाल पहुंचा तो स्थानीय लोगों ने उन्हें चार घंटे तक बंधक बनाकर रखा। बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। रातभर थाने में बैठाए रखने के बाद मंगलवार को पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया है।
पंजाब के एक युवक का हिंदाव पट्टी की एक युवती से मोबाइल पर पिछले तीन माह से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की ने युवक को मिलने के लिए अपने गांव बुलाया। पंजाब के खन्ना आजाद नगर निवासी अमित (21) पुत्र करनैल सिंह अपने दोस्त फतेगढ़ निवासी दीपक वर्मा (21) पुत्र विजय वर्मा के साथ बीते सोमवार को हुलाणाखाल बाजार पहुंचा। हुलाणाखाल में युवकों के साथ स्थानीय युवती के होने पर लोगों को इन पर शक हुआ। लोगों ने युवकों से पूछताछ की तो उन्होंने पंजाब निवासी बताया, जिसके बाद लोगों ने युवती को उसके घर के लिए रवाना कर दोनों युवकों के पैरों पर रस्सी बांधकर उन्हें चार घंटे तक बंधक बनाए रखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को अपने साथ थाने ले आई। थानाध्यक्ष मो. अकरम ने बताया कि युवकों के माफी मांगने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया है।