एक्सरे, पैथोलॉजी जांच, दवाइयों और 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने की मांग
कंडीसौड़ (टिहरी)। प्राथमिक स्वास्थ्य मैंडखाल की बदहाल व्यवस्थाओं में सुधार लाने की मांग को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने धरना दिया। शासन-प्रशासन पर मैंडखाल क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया। जल्द ही डॉक्टरों के रिक्त पदों पर तैनाती, अस्पताल का उच्चीकरण समेत अन्य मांगों का निराकरण न होने पर बेमियादी आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। उन्होंने समस्याओं के संबंध में मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री व सीएमओ को ज्ञापन भेजा।
शनिवार को जिला पंचायत सदस्य सुनील जुयाल के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मैंडखाल में धरना दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों की कमी, एक्सरे की सुविधा,आवश्यक दवाइयां,जांच की सुविधा, आपातकालीन 108 सेवा आदि की सुविधाएं न होने के कारण दूर-दराज से आने वाले मरीजों को सुविधाएं नहीं मिल रहा है जिसके चलते छोटी-छोटी बीमारी के उपचार के लिए मरीजों को रेफर होना पड़ रहा है।
जिला पंचायत सदस्य जुयाल ने कहा कि लंबे समय से अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की जा रही है। कई बार जिला पंचायत से लेक क्षेत्र पंचायत की बैठक में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का मुद्दा उठाया गया है। लेकिन कोई सुधार नहीं हो रहा है। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मयंक रमोला के माध्यम ज्ञापन प्रेषित किया। जल्द अस्पताल की व्यवस्था चाक-चौबंद न होने पर उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष श्रीकृष्ण नौटियाल, संजय नौटियाल, गौरव तिवारी, गिरीश जुयाल, अनिल जुयाल, आलोक जुयाल, प्रदीप कोहली, मनजीत सिंह, शिव सिंह, हुकम सिंह, कुलदीप रावत, जयवीर सिंह मौजूद रहे।