घोल्डवानी सुपाकोट की पेयजल योजना ठप, लोगों ने शुद्ध पेजयल आपूर्ति की मांग
नई टिहरी। लोनिवि चंबा की लापरवाही के कारण थौलधार के ग्राम कोट और घोल्डवानी सुपाकोट के ग्रामीणों को पयेजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। विभाग की ओर से निर्माणाधीन ठांगधार-थौलधार मोटर मार्ग का मलबा गोलाखर्क गदेरे में डालने से जहां सुपाकोट का पेयजल योजना से जलापूर्ति ठप हो गई है वहीं कोट गांव में मटमैले पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे ग्रामीणों को एक-डेढ़ किमी दूर दूसरे गांव से पानी ढोना पड़ रहा है। परेशान ग्रामीणों ने मलबा रोकने के लिए दीवार लगाने और गांव में शुद्ध जलापूर्ति कराने की मांग की है।
थौलधार ब्लॉक में लोनिवि की निर्माणाधीन ठांगधार-थौलधार सड़क का मलबा गोलाखर्क गदेरे में डाला जा रहा है जिससे इन दोनों गांवों का पेयजल स्रोत पूरी तरह से दब गया है। इस कारण घोल्डवानी गांव की जलापूर्ति बंद हो गई है जबकि कोट गांव में मटमैले पानी की आपूर्ति हो रही है।
गांव की प्रधान ममता भट्ट, महावीर प्रसाद भट्ट, रामलाल जोशी, उत्तम सिंह कठैत, सोहनलाल जोशी और खेम सिंह राणा ने बताया कि गोलाखर्क गदेरे में सड़क का मलबा डालने से दो गांव के लोग परेशान हैं। घोल्डवानी गांव की पेयजल योजना एक सप्ताह से बंद पड़ी है जबकि कोट गांव में पानी इतना मटमैला आ रहा है कि कपड़े धोने के काम भी नहीं आ रहा है।
ग्रामीणों को डेढ़ किमी दूर क्यूलागी से पानी ढ़ोना पड़ रहा है। पानी दूर होने के कारण पशुपालकों और बुजुर्गों को खासी परेशानी हो रही है। घोल्डवानी गांव के लोग भी आसपास स्रोत से पेयजल व्यवस्था करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने शुद्ध जलापूर्ति कराने और मलबा रोकने का उपाय करने की मांग की है। पेयजल समस्या को लेकर डीएम से वार्ता कर जल्द ही समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।
- केएन सेमवाल, ईई जल निगम चंबा।