एमए की कक्षाएं शुरू नहीं होने पर अभिभावकों में रोष
कंडीसौड़ (टिहरी)। राजकीय महाविद्यालय कमांद में स्नातक स्तर पर विज्ञान संकाय और स्नातकोत्तर स्तर पर कला संकाय के विषयों का संचालन शुरू न होने पर अभिभावकों और जन प्रतिनिधियों ने कड़ा आक्रोश जताया है। उन्होंने सरकार से जल्द ही महाविद्यालय में विज्ञान संकाय और पीजी में कला संकाय के विषयों की पढ़ाई शुरू करने की अनुमति प्रदान करने की मांग की है। ऐसा न होने पर उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
थौलधार ब्लॉक कमांद में वर्ष 2016 में महाविद्यालय की स्थापना हुई थी। अब महाविद्यालय का अपना भवन भी बनकर तैयार हो गया है। वर्तमान में महाविद्यालय में बीए में सात विषयों का संचालन हो रहा है जिनमें लगभग 117 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। अभिभावकों की मांग पर 2022 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाविद्यालय में स्नातक स्तर पर विज्ञान संकाय शुरू करने की घोषणा की थी तब से चार साल बीत चुके हैं लेकिन शासन स्तर पर विज्ञान संकाय शुरू करने की अनुमति नहीं मिल पाई है।
जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह रांगड ने बताया कि 2 सितंबर 2024 को उच्च शिक्षा विभाग की ओर से शासन को विज्ञान विषय खोलने का प्रस्ताव भेज दिया गया था लेकिन दो साल के बाद भी मामले कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई। जिस कारण महाविद्यालय में छात्र संख्या भी नहीं बढ़ पा रही है।
अभिभावक संघ के अध्यक्ष सोहनलाल थपलियाल, जिला पंचायत सदस्य सुनील जुयाल, भारत सिंह बुटोला, बीडीसी सदस्य राजेश कुमार, ग्राम प्रधान भगवान सिंह महर का कहना है कि स्नातकोत्तर स्तर पर हिंदी, समाजशास्त्र, राजनीतिशास्त्र, इतिहास, भूगोल और गृह विज्ञान विषयों का संचालन शुरू किया जाना जाना चाहिए। स्नातक स्तर पर विज्ञान संकाय और एमए के विषयों का संचालन न होने के कारण छात्र-छात्राओं को प्रवेश लेने के लिए नई टिहरी या फिर देहरादून जाना पड़ता है। प्राचार्य प्रो. गौरी सेवक का कहना है कि महाविद्यालय में विज्ञान संकाय और एमए में विषयों का संचालन करने का प्रस्ताव शासन स्तर पर विचाराधीन है।