भारत मंडपम में होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ परीक्षा पे चर्चा में करेंगे विजेता
नई टिहरी। सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल के दो छात्रों के मॉडल को केरल में हुई राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी में उत्तरी क्षेत्र में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। इससे पहले राज्यस्तर पर भी उनका यह मॉडल सर्वश्रेष्ठ रहा है। अब ये दोनों छात्र 29 जनवरी को नई दिल्ली में होने वाले प्रधानमंत्री के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में भी प्रतिभाग करेंगे।
सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल के निदेशक गौतम बिष्ट ने बताया कि 12वीं के प्रियांशु गुसाईं और अभिषेक बेलवाल का विज्ञान मॉडल वाईफाई कार बीते सप्ताह केरल में हुई राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी में उत्तरी क्षेत्र में पहले स्थान पर रहा है। मॉडल वाईफाई के जरिए कार को नियंत्रित करने सहित उनकी स्पीड, लोकेशन आदि के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
बाल विज्ञान कांग्रेस सहित विज्ञान महोत्सव में भी यह मॉडल सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया था। उन्होंने बताया 29 जनवरी को नई दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के लिए भी दोनों छात्रों का फ्यूचर टेक्नोलॉजी के प्रोजेक्ट के तहत चयन हुआ है। दोनों छात्र दिल्ली के रवाना हो गए हैं।
पीएम मोदी चयनित छात्रों से सीधा संवाद कर छात्रों के भविष्य के कार्यक्रम, लक्ष्य सहित अन्य बातों पर चर्चा करेंगे। छात्रों की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य अनिल सेमल्टी, शिक्षक दाताराम जुयाल, रघुवर गुसाईं, रविंद्र चौहान, अनीता राणा, अनुराधा बधानी, राजीव रावत, राजी श्रीकोटी, जगदीश झल्डियाल, अरविंद रावत ने खुशी जताई है।