उप तहसील मदननेगी में डीएम डा. वी षणमुगम की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में समस्याओं का अंबार लगा। पेयजल, सड़क, पेंशन और स्वास्थ्य संबंधी 56 शिकायतें दर्ज हुई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदननेगी की एंबुलेंस में वाहन चालक न होने की शिकायत को डीएम ने गंभीरता से लिया। जिला युवा कल्याण अधिकारी को एंबुलेंस संचालन के लिए पीआरडी के माध्यम से तत्काल वाहन चालक की व्यवस्था करने को कहा।
धारकोट की प्रधान पूनम ने सड़क निर्माण से क्षतिग्रस्त खेतों का मुआवजा न मिलने की शिकायत दर्ज की। डीएम ने लोनिवि प्रांतीय खंड के ईई को तत्काल मुआवजा भुगतान करने को कहा। जलवालगांव के प्रेमदत्त जुयाल ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लैब टेक्नीशियन न होने से दिक्कत हो रही है। कुशा देवी ने पति का निधन होने पर आर्थिक सहायता न मिलने की शिकायत की। इस मौके पर राजेंद्र लाल, डीडीओ आनंद सिंह भाकुनी, सीएमओ डा. मीनू रावत, एसडीए प्रतापनगर संदीप तिवारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी डा. मुकेश चंद्र डिमरी, जिला पर्यटन अधिकारी सुरेश सिंह यादव, डीएचओ डा. डीके तिवारी, एआरटीओ एनके ओझा आदि उपस्थित रहे।