सराहनीय कार्य करने पर 19 पुलिस कर्मियों को सर्वश्रेष्ठ कार्मिक का पुरस्कार
चंबा (टिहरी)। पुलिस लाइन में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में एसएसपी आयुष अग्रवाल ने पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि क्रिसमस और नए साल पर पुलिस कर्मी सतर्कता बरतें। पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनने के बाद थाना प्रभारियों को त्वरित और प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान 19 पुलिस कर्मियों को महीने का सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी घोषित कर उन्हें नकद और प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया।
चंबा पुलिस लाइन में आयोजित गोष्ठी में एसएसपी ने जिले में घटित अपराधों, लंबित विवेचनाओं और कानून व्यवस्था की जानकारी हासिल की। आगामी तिथियों को क्रिसमस और थर्टी फ्रस्ट के आयोजन को देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। किसी प्रकार की ठगी होने पर सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। गोष्ठी में एएसपी जेआर जोशी, सीओ ओशिन जोशी, सीओ सुरेंद्र सिंह भंडारी और संजीव कुमार आदि मौजूद थे।