चिरबटिया मोटर मार्ग का सुधारीकरण कर रहे एडीबी के ठेकेदार पर लोनिवि के वर्क एजेंट ने मारपीट करने का आरोप लगाया है। गुस्साए लोनिवि अधिकारी-कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर थाने में तहरीर देकर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस को दी तहरीर में लोनिवि के वर्क एजेंट काशीराम गैरोला ने बताया कि बुधवार रात को बैरियर चौक पर सड़क का कार्य निपटाने के बाद वह घर जा रहे थे। जखन्याली के समीप सड़क पर अवैध खनन कर रहे एडीबी के ठेकेदार बैशाख सिंह को पत्थर निकालने से मना करने पर ठेकेदार और श्रमिक मारपीट करने लगे।
बचाव में आए उनके भाई शांति प्रसाद पर भी हमला किया, जिससे दोनों के हाथ और सिर पर काफी चोट पहुंची है। बृहस्पतिवार सुबह घटना का पता चलने पर लोनिवि कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर पुलिस थाने पहुंचे।
उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। कार्य बहिष्कार करने वालों में लोनिवि के ईई अनुपम सक्सेना, सहायक अभियंता रत्नेश सक्सेना, विवेक कुमार, सुनील कुमार, वर्कचार्ज कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शांति भट्ट, प्यार सिंह परमार, काशी राम, कलम सिंह आदि शामिल थे।
थानाध्यक्ष मो. अकरम ने बताया कि ठेकेदार बैशाख सिंह के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।