पुलिस एक बड़े स्मैक तस्कर को पकड़ने में सफल रही है। आरोपी बरेली से स्मैक लेकर मुनिकीरेती क्षेत्र में बेचने आया था। न्यायालय ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर एक अभियुक्त को खारास्रोत बाईपास में 70.72 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया है। स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम को प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह सीआईयू प्रभारी उप निरीक्षक ओमकांत भूषण के साथ चेकिंग कर रहे थे।
इस दौरान अभियुक्त शमशाद (45) विधोलिया थाना सीबी गंज जिला बरेली यूपी की तलाशी ली गई तो उसके पास से 70.72 ग्राम अवैध स्मैक, एक इलेक्ट्रिक तराजू और 1600 रुपये बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी ने बताया कि बड़ी मात्रा में स्मैक पकड़ने और चंबा क्षेत्र में हुई चोरियों का खुलासा करने पर पुलिस टीम को आईजी गढ़वाल ने पांच हजार और एसएसपी ने ढाई हजार रुपये का नकद इनाम दिया है।