लोगों की शिकायत पर जांच के बाद अधिकारियों ने उठाया कदम
चंबा (टिहरी)। जौनपुर ब्लॉक के मरोड़ा बनाली सड़क के किनारे सुरक्षा के लिए बनाए जा रहे सीमेंट और कंक्रीट के पैराफिटों को गुणवत्ता परख नहीं बनाए जाने पर लोगों ने पीएमजीएसवाई के खिलाफ आक्रोश जताया है। विभागीय अधिकारियों ने जांच के बाद खराब गुणवत्ता वाले पैराफिटों को तुड़वा दिया है।
पीएमजीएसवाई टिहरी-2 के अधीन मरोड़ा- बनाली सड़क पर इन दिनों वाहनों की सुरक्षा के लिए सीमेंट और कंक्रीट के पैराफिट बनाने का काम चल रहा है। ग्रामीण महावीर मनवाल ने बताया कि पैराफिटों के लिए तैयार किए जा रहे सीमेंट और कंक्रीट के निर्माण सामग्री के साथ-साथ लाल मिट्टी मिलाकर पैराफिट बनाए जा रहे हैं।
पैराफिटों के बाहर से सीमेंट का घोल चढ़ाकर इतिश्री की जा रही है। कहा कि गुणवत्ता परख पैराफिट नहीं बनाए जाने से लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप कार्य न होने पर पीएमजीएसवाई की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए है। ग्रामीणों ने खराब गुणवत्ता वाले पैराफिटों को तोड़कर नए बनाने की मांग की। शिकायत पर विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और पैराफिटों की जांच की तो पता चला कि निर्माण कार्य में मानकों का ध्यान नहीं रखा गया।
पैराफिटों की गुणवत्ता को लेकर लोगों से शिकायत मिली थी। एई और जेई को जांच करने के लिए मौके पर भेजा गया। जांच के बाद खराब गुणवत्ता वाले पैराफिटों को जेसीबी की मद्द से तोड़ दिया गया है। ठेकेदार को गुणवत्ता के साथ कार्य करने को कहा गया है।
गणेश प्रसाद, अधिशासी अभिंयता, पीएमजीएसवाई खंड-दो टिहरी