थौलधार ब्लाक में कमांद-ज्वारना सड़क का निर्माण सात साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है, जिससे सड़क को एआरटीओ की एनओसी नहीं मिल पाई है। लोगों ने पीएमजीएसवाई से सड़क निर्माण कर यातायात के लिए एनओसी जारी कराने की मांग की है।
सोमवार को ब्लाक मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि पीएमजीएसवाई 10 साल में 17 किमी सड़क पूरी नहीं बना पाया है। उन्होंने बताया कि कमांद से बंग्याल तक 10 किमी सड़क जहां सात साल पहले बन गई थी, वहीं बंग्याल-ज्वारना सात किमी मार्ग तीन साल से निर्माणाधीन है, जिससे मार्ग पर यातायात संचालन के लिए एआरटीओ की एनओसी नहीं मिल पाई है। बावजूद कमांद-ज्वारना 17 किमी मोटर मार्ग पर हर दिन दर्जनों वाहनों की आवाजाही हो रही है। उन्होंने पीएमजीएसवाई से सड़क का निर्माण कार्य जल्द पूरा कर एआरटीओ से एनओसी लेने की मांग की है। प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि बीते शुक्रवार को ज्वारना-बंग्याल मोटर मार्ग पर हुई मैक्स दुर्घटना में छह लोगों की मौत और चार घायल हो गए थे, लेकिन मुख्यमंत्री की ओर से मृतकों के परिजनों के लिए अभी तक कोई राहत राशि की घोषणा नहीं करना दुर्भाग्यपूर्ण है।