सड़क कटान में गई जमीन का मुआवजा देने की गुहार लगाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नई टिहरी। जनता मिलन कार्यक्रम में पुनर्वास, लोनिवि, राजस्व और खंड विकास कार्यालय से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराई गई। डीएम नितिका खंडेलवाल ने कई समस्याओं का समाधान कर अन्य संंबंधित अधिकारियों को तय समय पर समस्याओं का निराकरण करने और तुंगोली क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों ने समस्याओं के निराकरण की मांग की। बताया गया कि तुंगोली गांव में घंटाकर्ण पंपिग पेयजल योजना से पेयजल आपूर्ति की जाती है। लेकिन 5-6 माह से कई गांव में पेयजल आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित चल रही है। जिससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में पेयजल निगम चंबा के अधिशासी अभियंता को कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
किसान सभा के सचिव जगदीश कुलियाल ने गूलर-सालब-बगवासेरा- घेराधार 10 किमी मोटरमार्ग का डामरीकरण करने और करीब 300 मीटर सड़क बनाकर सालब गांव को जोड़ने की मांग की। जाखणीधार में घेराधार खिटबड़ी गांव के बद्री प्रसाद मिश्र ने चौंडी- सिमलासु सड़क कटान में गई 22 नाली जमीन का मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई। रानीचौरी निवासी विजल दास ने चीड़ और बांज के पेड़ों से मकान को खतरा बताते हुए उनका पातन करने की मांग की। उसके बाद डीएम ने सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एसडीएम प्रतापनगर (आईएएस प्रशिक्षु) स्नेहिल कुंवर सिंह, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, एसडीएम संदीप कुमार और डीडीओ मो. असलम आदि मौजूद थे।