दक्षिण अमेरिकी देश पेरू की राजधानी लीमा में 10 से 19 जून तक हुए लीमा वर्ल्ड कप-2021 में भारतीय पैरा शूटिंग टीम ने छह मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया। साथ ही खिलाड़ियों ने इस साल जापान के टोक्यो में होने वाले पैरा ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। टिहरी जिले के जौनपुर ब्लॉक के चिलामू गांव निवासी भारतीय पैरा शूटिंग के कोच सुभाष राणा के नेतृत्व में पैरा शूटिंग की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाया है। बुधवार को देश लौटने पर खेल प्रेमियों ने टीम का भव्य स्वागत किया।
भारतीय पैरा शूटिंग के कोच सुभाष राणा निशानेबाज जसपाल राणा के छोटे भाई और उत्तराखंड के पूर्व खेल मंत्री नारायण सिंह राणा के बेटे हैं। राणा ने बताया कि लीमा वर्ल्ड कप में राहुल जाकर ने व्यक्तिगत स्पर्धा पी-3 मिक्सड 25 मीटर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीता। वहीं टीम इवेंट में पी-1 पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल में व पी-4 मिक्सड 50 मीटर पिस्टल में रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने देश के लिए विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर टोक्यो पैरा ओलंपिक के लिए कोटा हासिल किया। वहीं आकाश ने भी टीम इवेंट पी-4 मिक्सड 50 मीटर पिस्टल में रजत पदक जीता। देहरादून के अनुरोध पंवार ने सुभाष राणा के नेतृत्व में पहली बार प्रतिभाग करते हुए टीम इवेंट पी-1 पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल, पी-3 मिक्सड 25 मीटर पिस्टल में रजत पदक हासिल कर उत्तराखंड और देश का नाम ऊंचा किया। पूजा अग्रवाल ने टीम इवेंट के पी-3 मिक्सड 25 मीटर पिस्टल, पी-4 मिक्सड 50 मीटर पिस्टल में रजत पदक, हसना देवारेडी ने भी व्यक्तिगत स्पर्धा में आर-4 मिक्सड 10 मीटर एयर राइफल्स स्टैंडिंग एसएच-2 में कांस्य पदक जीता।
गत दिवस दक्षिण अमेरिकी देश पेरू से टीम के दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर खेल प्रेमियों ने टीम का शानदार स्वागत किया। उत्तराखंड राइफल संघ के अध्यक्ष व पूर्व खेल मंत्री नारायण सिंह राणा ने भारतीय पैरा शूटिंग टीम के पदक विजेता और पैरा ओलंपिक में कोटा प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि जापान में होने वाले पैरा ओलंपिक में भी खिलाड़ी पदक जीतकर देश का नाम रोशन करेंगे।