नौगांव (उत्तरकाशी)। विकासखंड नौगांव के जरड़ा गांव में नवरात्र के दौरान पांडव मंडाण की धूम रही। ग्रामीणों ने पांडवों की चौंरी में पांचों पांडवों की पूजा-अर्चना कर हवन किया। वहीं, रात के समय मनोरंजन के लिए प्रस्तुत किए गए स्वांग के नृत्य ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
नवरात्र की आठवीं रात अर्जुन की अगुवाई में पांचों पांडवों ने गांव के चारों ओर रक्षासूत्र बांधकर ग्रामीणों को असुरी शक्तियों से सुरक्षा प्रदान करने का वचन दिया। वहीं, पांडव मंडाण के समापन पर बीते शनिवार को ग्रामीणों ने रातभर रतजगा किया। इसके बाद पांचों पांडवों के देव पश्वाओं और ग्राम देवताओं के निशाणों के साथ ग्रामीण रात के अंतिम प्रहर में यमुना नदी पहुंचे। इस दौरान पूजा-अर्चना और हवन पंडित शांति प्रसाद रतूड़ी ने संपन्न कराए। इस मौके पर ग्राम प्रधान दीपिका चौहान, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य संगीता चौहान, प्रताप चौहान, दीवान सिंह, बलवीर सिंह, रणजोर सिंह, जयपाल सिंह और सोबेंद्र सिंह मौजूद रहेश्संवाद