प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के थौलधार ब्लॉक के जुवा-उदयकोट पट्टी के 27 गांव को ओबीसी में शामिल करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कांडीखाल बाजार में रैली निकालकर बेमियादी धरना शुरू कर दिया है।
शुक्रवार को जुआ-उदयकोट ओबीसी वंचित संघर्ष समिति के बैनर तले क्षेत्र के ग्रामीणों ने मुख्य बाजार में रैली निकालकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर बेमियादी धरना शुरू किया। धरना स्थल पर आयोजित जनसभा में समिति के संयोजक अतर सिंह तोमर ने कहा कि सरकार ने प्रतापनगर विधानसभा में शामिल क्षेत्र को ओबीसी से वंचित कर लोगों के साथ सौतेला व्यवहार किया गया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र को ओबीसी में शामिल करने को लेकर क्षेत्रीय विधायक से मुख्यमंत्री तक को कई बार कहा गया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। थौलधार के ज्येष्ठ उपप्रमुख जसवीर भंडारी ने कहा कि जुवा और उदयकोट की भौगोलिक, सामाजिक, सांस्कृतिक परंपरा एक समान है।
ऐसे में ओबीसी में क्षेत्र को ओबीसी में शामिल नहीं करना राजनीति साजिश है। धरना देने वालों में कृष्ण स्वरूप डबराल, कीर्ति बिष्ट, राजेंद्र जुयाल, प्रमोद नेगी, अमीरपाल रणावत, भगवान सिंह राणा, गंभीर नेगी, दिनेश भट्ट, आनंद मखलोगा, साब सिंह, रेखा देवी, अनिता देवी, सोबनी देवी, मीना देवी, सुशीला चौहान आदि मौजूद थे।