घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक कार्यालय में अब क्षेत्र के लोगों को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं मिलेंगी। लगभग ढाई करोड़ की लागत से ब्लॉक का नया भवन बनकर तैयार हो गया है। आगामी जून माह से विकास विभाग के सभी कार्यालय नए भवन में शिफ्ट हो जाएंगे। विकास विभाग का संचालन नए भवन में शुरू होने से पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को समाज कल्याण, बाल विकास और मनरेगा संबंधी कार्य करने के लिए अलग-अलग भवनों के अनावश्यक चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
भिलंगना ब्लॉक मुख्यालय घनसाली का भवन जर्जर हो चुका है। करीब 55 साल पहले ब्लॉक का भवन बनाया गया था। पंचायत प्रतिनिधियों की मांग पर 2022 में प्रदेश सरकार ने ब्लॉक के नए भवन के निर्माण के लिए ढाई करोड़ रुपये की धनराशि जारी की थी, जो अब बनकर तैयार हो गया है। जून माह में कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग नया भवन विकास विभाग को हैंडओवर करने की तैयारी में है। खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत ने बताया कि लोकसभा चुनाव अचार संहिता खत्म होने के बाद जून माह में नए भवन का लोकार्पण किया जाना है। इससे लोगों को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं मिलेंगी।