लोनिवि की उदासीनता के कारण दो साल बाद भी पुजाल्डी गांव के लोगों का हेंवल नदी पर पुल निर्माण का सपना पूरा नहीं हो पाया है। दरअसल नदी पर पुल नहीं बनने से ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर नदी पर आवागमन करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि नदी किनारे बनाई गई सड़क भी बिना पुल के बेकार हो रही है।
विकासखंड चंबा का पुजाल्डी गांव हेंवल नदी के किनारे बसा है। ग्रामीणों को इधर-उधर जाने के लिए नदी को आरपार करना पड़ता है। लोनिवि ने चोपड़ियाल गांव- कखवाड़ी के नाम से हेंवल नदी के किनारे तक सड़क तो बना दी है, लेकिन दो साल से पुल का निर्माण कार्य अधर में लटका है।
ग्रामीणों के आंदोलन के बाद वर्ष 2015 में 55 लाख से पुल निर्माण को स्वीकृति मिली थी, लेकिन पुल निर्माण का कार्य धरातल पर नहीं उतर पाया है। खासतौर पर बरसात में नदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीण और स्कूली बच्चे घरों में कैद हो जाते हैं। प्रधान अंजू देवी, पूर्व प्रधान रमेश लेखवार का कहना है कि नदी पर पुल नहीं बनने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पुल के डिजाइन में बदलाव किया गया है। जिस कारण निर्माण कार्य में विलंब हुआ है। लोगों की समस्या को देखते हुए नदी पर शीघ्र ही पुल बना दिया जाएगा। पुल निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया की जाएगी।
-वीके सैनी, अधिशासी अभियंता लोनिवि चंबा।