कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए टिहरी जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में लेबल-2 की मेडिकल फैसिलिटी पर काम शुरू कर दिया है। श्रीदेव सुमन संयुक्त चिकित्सालय नरेंद्रनगर में 60 बेड की क्षमता विकसित की जा रही है। प्रत्येक बेड में पाइप ऑक्सीजन सप्लाई की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही एक माह के अंदर अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया जाएगा। ताकि जिला अस्पताल समेत सीचएसी और पीएचसी में ऑक्सीजन सिलिंडर भरने के लिए ऋषिकेश, देहरादून के चक्कर न काटने पड़े।
पत्रकार वार्ता में डीएम मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि जिले के आठ गांवों को कंटेनमेंट जोन में शामिल किया गया है। प्रशासन ने एक हजार बेड की आइसोलेशन फैसिलिटी तैयार कर दी है। 250 बेड सुरसिंगधार कोविड सेंटर में मौजूद है, जबकि 450 बेड टीएचडीसी हाइड्रो इंजीनियरिंग और 250 बेड कोटी कालोनी में तैयार किए गए हैं।
जिला अस्पताल बौराड़ी से फ्लू ओपीडी को अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नई टिहरी और श्रीदेव सुमन संयुक्त चिकित्सालय की ओपीडी टीबी अस्पताल में शिफ्ट की गई है। होम क्वारंटीन और फैसिलिटी क्वारंटीन केंद्रों की आशा वर्कर लगातार मॉनिटेरिंग कर रही हैं। प्रशासनिक स्तर से 173 क्लस्टर में वरिष्ठ शिक्षक को तैनात किया है। 18 ऑपरेटर शाम को रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज रहे हैं। अब तक 124 कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में दो हजार लोग संपर्क में आए हैं, जिनको संस्थागत क्वारंटीन में रखा गया है।