जिलाधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव ने अधिकारियों की बैठक लेते हुए कहा कि आपदा के दौरान होने वाली क्षति की रिपोर्ट 24 से 48 घंटे के अंदर जिला कार्यालय को मिलनी चाहिए। अधिकारियों से नई टिहरी नगर क्षेत्र में अतिक्रमण संबंधी रिपोर्ट 15 दिन में देने को कहा। सत्यापन में अपात्र पाए गए राशन कार्डों को तत्काल निरस्त करने को कहा।
कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेते हुए डीएम ने शराब की ओवर रेट की शिकायत पर आबकारी अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि ओवर रेट रोकने और पकड़े गए वाहनों के प्रकरणों का जल्द निराकरण किया जाए। सीडीओ नमामि बंसल ने बताया कि एक हजार से अधिक मतदाता संख्या वाले मतदेय स्थलों के बीच सहायक मतदेय स्थल का चयन किया जा रहा है, जिनकी वर्तमान में संख्या 41 है। डीएम ने राजस्व वसूली की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त करते हुए इसमें सुधार लाने को कहा। बैठक में एसडीएम रविंद्र ज्वांठा, युक्ता मिश्रा, अजयवीर सिंह, सीओ महेश चंद बिंजोला, डीएसओ मुकेश पाल, एआरटीओ एनके ओझा, खाद्य अभिहित अधिकारी एमएन जोशी, सुखवीर सिंह रावत आदि मौजूद थे।