आठ माह से खेल सुविधा से वंचित है छात्र-छात्राएं
कंडीसौड़ (टिहरी)। राजकीय इंटर कॉलेज क्यारी नगुण की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार की आठ माह बाद भी मरम्मत नहीं हो पाई। दिसंबर 2025 में क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार अब तक जस की तस पड़ी है। दीवार टूटने से विद्यालय का खेल मैदान भी ध्वस्त हो गया था। तब से स्कूल भवन भी खतरे की जद में है।
मैदान क्षतिग्रस्त होने से बच्चों के लिए सुरक्षित स्थान ही नहीं बचा है। वर्ष 2016 में हाईस्कूल से इंटर स्तर पर उच्चीकृत हुए विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को रोजाना जोखिम के बीच विद्यालय आना पड़ रहा है। सुरक्षा दीवार टूटने से मलबा सड़क तक आ गया था जिससे विद्यालय पहुंचने का रास्ता भी प्रभावित हुआ।
मैदान के क्षतिग्रस्त होने से खेलकूद गतिविधियां आयोजित नहीं हो पा रही है। प्रधानाचार्य अंजना चौहान ने बताया कि मैदान टूटने के कारण भवन को भी खतरा बना हुआ है। बच्चों के खेलने के लिए कोई सुरक्षित स्थान नहीं बचा है। ग्राम प्रधान विजय सिंह रावत ने बताया कि सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने की सूचना जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित रूप से दे दी गई थी लेकिन करीब आठ माह बीतने के बाद भी मरम्मत के लिए धनराशि स्वीकृत नहीं हो पाई है। अभिभावक संघ के अध्यक्ष नंदलाल चमोली, पूर्व प्रधान पारसमणि सेमवाल व पूर्व जिला पंचायत सदस्य जयवीर सिंह रावत ने शासन और शिक्षा विभाग से तत्काल धनराशि स्वीकृत कर सुरक्षा दीवार का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।