बाजार की बदहाल सड़क को गड्ढा मुक्त करने का काम शुरू करने पर व्यापारियों ने रविवार से प्रस्तावित आंदोलन स्थगित कर दिया। उन्होंने सरकार से सड़क का डामरीकरण के लिए शासन को भेजा गया प्रस्ताव जल्द स्वीकृत करने की मांग की है।
सड़क की दशा सुधारने के लिए व्यापारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष भरोसी देवी के नेतृत्व में तीन माह पहले धरना दिया था। तब लोनिवि ने सड़क को जल्द गड्ढा मुक्त कर पूरी सड़क का डामरीकरण करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक सड़क की मरम्मत नहीं करने पर व्यापारियों ने रविवार 20 नवंबर से लोनिवि के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी थी। नगर पंचायत अध्यक्ष भरोसी देवी और व्यापार मंडल अध्यक्ष युद्धवीर राणा ने कहा कि लोनिवि ने बाजार की सड़क का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। इस बाबत प्रांतीय खंड लोनिवि बौराड़ी के अधिशासी अभियंता डीएम गुप्ता ने कहा कि सड़क को गड्ढामुक्त बनाने का काम शुरू कर दिया गया है जबकि डामरीकरण की डीपीआर शासन को भेजी गई है।