प्रतापनगर क्षेत्र के रमोलगांव, मिश्रवाणगांव, खरोली आदि गांवों में बीते तीन दिनों से डायरिया का प्रकोप बढ़ रहा है, जिसकी चपेट में आने से सैकड़ों ग्रामीण और बच्चे आ गए हैं। सूचना पर रविवार को गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंच गई है।
जिला पंचायत सदस्य मुरारी लाल खंडवाल, रमोलगांव प्रधान सुशीला देवी, मनोज रमोला ने बताया कि गांवों में लगभग पांच सौ महिला, पुरुष और बच्चे डायरिया की चपेट में आ गए हैं। स्थानीय स्तर पर कमजोर स्वास्थ्य सुविधाओं के चलते उन्हें उपचार नहीं मिल पाया, लिहाजा स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दी गई।
तीन दिन बाद रविवार को विभागीय टीम क्षेत्र में पहुंची है। डिप्टी सीएमओ डा. अजय कुमार ने बताया कि डा. कुणाल जुगलाण के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम गांवों में बीमार के उपचार के लिए भेज दी गई है, जल्द बीमारी पर काबू पा लिया जाएगा। उन्होंने प्रभावित गांवों के लोगों को बासी भोजन और दूषित पानी का सेवन नहीं करने की हिदायत दी है।