नालियां बंद होने और मलबा जमा होने पर जताई नाराजगी
नई टिहरी। विधायक किशोर उपाध्याय ने नगर क्षेत्र में सड़कों पर मलबा जमा होने और नालियां बंद होने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए नगर पालिका, आपदा प्रबंधन और राजस्व विभाग को जल्द कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निर्माणाधीन केंद्रीय विद्यालय भवन निर्माण का डंपिंग जोन नहीं होने पर कार्यदायी संस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मलबे का निस्तारण करने को डंपिंग जोन तैयार करने को कहा।
उन्होंने बौराड़ी स्टेडियम, मोलधार, सेक्टर 5ए, वाल्मीकि बस्ती, केंद्रीय विद्यालय भवन, जे और एच ब्लॉक का स्थलीय निरीक्षण किया। सड़कों पर मलबा डंप करने, नालियां बंद होने, सुरक्षात्मक उपाय नहीं होने पर नाराजगी जताई। सड़कों पर जगह-जगह निर्माण सामग्री पड़ी होने से उत्पन्न हो रही समस्याओं का निराकरण करने को कहा।
वाल्मीकि बस्ती, सेंट एंथोनी स्कूल के पास सड़क और मोहल्ले में बरसाती पानी से बचाव के कोई इंतजाम न होने पर सुरक्षा कार्य करने को कहा। बताया कि नगर क्षेत्र की सड़कों के सुधारीकरण और हॉटमिक्स डामरीकरण को सीएम घोषणा में शामिल कराया था, लेकिन घोषणा में कुछ तकनीकी अड़चन आ गई थी। जिसे ठीक कर दिया है। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय कठैत, जयेंद्र पंवार मौजूद रहे।
इधर, डीएम नितिका खंडेलवाल, एडीएम अवधेश कुमार सिंह, एसडीएम संदीप कुमार ने नगर क्षेत्र का भ्रमण कर आपदा प्रबंधन की तैयारियां का जायजा लिया। डीएम ने नगर पालिका को तत्काल नालियां और कॉजवे खोलने, सड़कों को साफ करने के निर्देश दिए। कहा कि जल भराव वाले क्षेत्रों में जल्द सुरक्षात्मक कार्य किए जाएं।