गांवों में आपदा से हुए नुकसान का सर्वे शुरू, राहत राशि के बांटे चेक
चंबा (टिहरी)। धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार, डीएम नितिका खंडेलवाल ने चंबा ब्लॉक के नागणी क्षेत्र में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता के चेक देते हुए उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया। विधायक ने अधिकारियों से प्रभावित गांवों में बिजली, पानी और संचार कनेक्टिविटी की समस्याएं जल्द बहाल करने के निर्देश दिए।
विधायक पंवार और डीएम नितिका ने नागणी क्षेत्र के जिजली, कुंड, बनाली, गेहना गांवों का भ्रमण किया। ग्रामीणों ने चार घरों के पुश्ता ढहने की जानकारी दी। जिजली गांव में प्रभावित सोनी देवी और भादी देवी को राहत राशि का चेक दिया गया। जिजली गांव की कौशल्या देवी के इलाज के लिए डीएम ने सीएमओ डॉ. श्याम विजय को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पशुओं के चारे की समस्या का समाधान करने के लिए सीवीओ डॉ. डीके शर्मा को कार्यवाही करने को कहा। काणीघाट में पुल व क्षतिग्रस्त रास्ता निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर कार्य करने को कहा गया। इस मौके पर एसडीएम धनोल्टी मंजू राजपूत, पीएमजीएसवाई के ईई गणेश प्रसाद नौटियाल, शिव राम जगूड़ी आदि मौजूद रहे।