उत्तरकाशी। रामलीला मैदान में आयोजित पंचकुंडीय श्री लक्ष्मी-नारायण गो-गंगा प्रतिष्ठा यज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के अवसर पर सौरभ फाउंडेशन की ओर से बाल नाट्य प्रस्तुति और युवा जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने नशे के दुष्परिणामों पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। नाटक के माध्यम से गलत संगत से बचने और नशे से दूर रहकर बेहतर भविष्य बनाने का संदेश दिया गया।
फाउंडेशन के सदस्य जयआदित्य नौटियाल ने कहा कि युवाओं को आधुनिक तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना चाहिए लेकिन अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से भी जुड़े रहना जरूरी है। उन्होंने युवाओं को स्थानीय भाषा और सांस्कृतिक पहचान को तकनीक के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। फाउंडेशन के संस्थापक आकाश भट्ट ने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने नशे को ना, खेल और जिंदगी को हां अभियान के माध्यम से युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों व सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया। इस मौके पर सौम्यकाशी ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष आचार्य बुद्धि प्रसाद नौटियाल, निदेशक आचार्य हरिश्वर गौड़, संचालक विजय प्रकाश भट्ट आदि मौजूद रहे।