श्रीदेव सुमन विवि के छात्रों को इस बार परीक्षा परिणाम के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। विवि ने परीक्षा समाप्ति के छह दिनों के छोटे से अंतराल में रिजल्ट घोषित करने शुरू कर दिए हैं। विवि का दावा है कि एक महीने के भीतर सभी परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
श्रीदेव सुमन विवि के परीक्षा परिणाम समय पर घोषित न होने के कारण परीक्षार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अभी तक विवि मूल्यांकन के लिए अलग-अलग स्थानों में मूल्यांकन केंद्र बनाता था। इस कारण समन्वय की कमी के चलते कई विषयों की कापियां समय पर चेक नहीं हो पाती थी। समस्या से निपटने के लिए विवि ने इस बार ऋषिकेश स्थित विवि के परिसर में केंद्रीय मूल्यांकन केंद्र बनाया है। ऐसे में विवि के केंद्रीय मूल्यांकन का परिणाम सामने आने लगा है। इसी का नतीजा है कि परीक्षा समाप्ति के छह दिन में ही एमकॉम तृतीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित करने के साथ ही एमकॉम अंक सुधार परीक्षा और एमए की अंक सुधार परीक्षा के नौ विषयों के परीक्षा परिणाम भी घोषित कर दिए हैं। विवि के कुलपति डा. पीपी ध्यानी और परीक्षा नियंत्रक डा. आरएस चौहान ने बताया कि सीमित संसाधनों में सेमेस्टर परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के बाद सभी परीक्षा परिणामों को भी जल्द घोषित किए जाएंगे।