धरने पर बैठे लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर जताया आक्रोश
चंबा (टिहरी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंबा में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग की लेकर नगर व आसपास क्षेत्र के लोगों ने धरने स्थल पर सामूहिक उपवास रखा। स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार नहीं होने पर लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया।
सीएचसी चंबा का उच्चीकरण करने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, अल्ट्रासाउंड मशीन की सुविधा सहित दस सूत्री मांगों को लेकर स्थानीय लोग एक सप्ताह से अधिक समय से सुमन पार्क चंबा में बेमियादी धरने पर बैठे हैं। एसआरटी परिसर बादशाहीथौल के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित सजवाण, क्षेत्र पंचायत रविंद्र रावत ने कहा कि चंबा में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव होने के कारण लोगों को परेशानियां उठानी पड़ रही है।
स्वास्थ्य केंद्र रेफर सेंटर बनकर रह गया है। मरीजों को उपचार के लिए ऋषिकेश और देहरादून का रुख करना पड़ता है। कहा कि लंबे समय लोग स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग करते आ रहे हैं लेकिन स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार नहीं हो पाया। रविवार को चंबा और आसपास क्षेत्र के लोगों ने धरना स्थल पर सामूहिक उपवास रखकर सभी मांगों के निस्तारण की मांग की। शीघ्र मांगें पूरी नहीं होती है तो जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य यलमा सजवाण, सचिन रावत, आशीष सजवाण, पंकज सकलानी, मान सिंह सजवाण, महिपाल सजवाण, भूपेंद्र धनोला, दिव्यांशु रावत, सानिया उनियाल, अनामिका पंवार, गीता देवी, अंजली, अमन सुयाल आदि मौजूद थे।