नई टिहरी/घनसाली (टिहरी)। करवा चौथ के पर्व पर बौराड़ी, घनसाली और चमियाला बाजार सज गए हैं। दुकानें शृंगार के सामान से सज गई हैं। कई नए और कई आकर्षक गिफ्ट भी दुकानों की शोभा बढ़ा रहे हैं। करवा चौथ के त्योहार को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अधिकतर महिलाएं करवा चौथ के एक दिन पहले बाजार में खरीदारी करने पहुंची।
महिलाओं को करवा चौथ के त्योहार का बेसब्री से इंतजार रहता है जिससे इस त्योहार पर खरीदारी के लिए बडी संख्या में महिलाओं के बाजार पहुंचने से दिनभर खूब भीड़ रही। बौराड़ी बाजार में भी त्योहार को लेकर दिनभर चहल-पहल रही। जिससे व्यापारी भी दिनभर व्यस्त रहे। घनसाली बाजार भी दिनभर व्यस्त रहा। व्यापारी ऋषिता श्रीयाल ने बताया कि इस बार करवा चौथ पर शृंगार के सामान की खरीदारी के लिए महिलाओं में अच्छा उत्साह नजर आया।
दुकानों पर महिलाओं की भीड़ रही और उन्होंने त्योहार के लिए जरूरी सामान खरीदा। हालांकि कपड़ों के कारोबारी निराश नजर आए। व्यापारी प्रेमनारायण कंसवाल ने बताया कि इस बार करवा चौथ पर कपड़ों की खरीदारी पिछले वर्षों की तुलना में काफी कम रही। लेकिन श्रृंगार की दुकानें महिला ग्राहकों से खचाखच भरी रही। जिससे व्यापारियों में भी उत्साह देखा गया। चंबा, लंबगांव, नरेंद्रनगर और जाखणीधार बाजार में भी दिनभर खूब भीड़ रही।