टिहरी जिले के किसानों को जल्द मंडी की सौगात मिलने की उम्मीद है। नरेंद्रनगर के बगरधार में वर्ष 2018 से निर्माणाधीन मंडी परिसर तैयार हो गया है। यह परिसर टिहरी मंडी समिति को हस्तांतरित होने के बाद जिलेभर के किसान अपनी उपज यहां बेच सकेंगे।
किसानों की आय दोगुनी करने के लिए राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत नरेंद्रनगर से पांच किलोमीटर आगराखाल की तरफ बगरधार में मंडी बनाने के लिए नौ करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। काम पूरा होने के बाद अब टिहरी मंडी समिति को परिसर सौंपने की कार्रवाई चल रही है। मंडी परिषद के सहायक अभियंता अजय कुमार पैन्यूली ने बताया कि जल्द ही मंडी ऋषिकेश से बगरधार में शिफ्ट की जाएगी।
टिहरी जिले में नरेंद्रनगर, आगराखाल, खाड़ी, नागणी, चंबा-मसूरी फलपट्टी सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में सब्जी और फल उत्पादन काफी मात्रा में होता है। जिले में मंडी नहीं होने से किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने पड़ रही थी। नई मंडी में नौ टन क्षमता के 10 कोल्ड स्टोर, ग्राउंड फ्लोर पर 11 दुकानें और दो हॉल बनाए गए हैं। मंडी सचिव नंदिनी उनियाल ने बताया कि निर्देशानुसार दुकानों का आवंटन किया जाएगा।