नई टिहरी। डीएम मयूर दीक्षित ने श्रीदेव सुमन राजकीय जिला पुस्तकालय का स्थलीय निरीक्षण कर पुस्तकालय के भूतल में किए जा रहे नवीनीकरण कार्यों का जायजा लिया। कार्यदायी संस्था को मार्च 2025 तक कार्य पूरा कर पुस्तकालय को हाईटेक बनाने को कहा। बौराड़ी घंटाघर में चल रहे नवीनीकरण कार्यों का जायजा लेते हुए डीएम ने एक सप्ताह में कार्य पूर्ण करने, आसपास साफ-सफाई रखने और नगर क्षेत्र से अनावश्यक होर्डिग्स, बैनर हटाने को कहा।
श्रीदेव सुमन राजकीय जिला पुस्तकालय में रखे 100 साल पुराने दस्तावेजों, किताबों को सही तरीके से संजोकर रखने और बच्चों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त स्थान मिल सके, इसके लिए जिला योजना से प्रथम तल को पूर्व में हाईटेक किया गया है। पुस्तकालय में लगभग 50 हजार पुस्तकों को सूचीबद्ध किया गया है। पुस्तकालय के प्रथम तल के बाद भूतल को नया स्वरूप देने के लिए इन दिनों कार्य चल रहा है।
डीएम ने पुस्तकालय के भूतल पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए मार्च 2025 तक कार्यों को पूरा करने को कहा। इस मौके पर लघु सिंचाई विभाग के ईई बृजेश गुप्ता, लोनिवि के ईई योगेश कुमार, ईओ संजय कुमार, सरिता ब्यास, मोनिका आदि मौजूद रहे। संवाद