शिक्षा विभाग के अधिकारी भिलंगना ब्लॉक के सीमांत गांव गेंवाली के छात्र-छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ करने पर तुले हैं। पिछले 15 दिनों से जूनियर हाईस्कूल गेंवाली में शिक्षक नहीं होने से ताला लटका हुआ है। छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन स्कूल पहुंचकर बैरंग लौटना पड़ रहा है। जल्द शिक्षक की तैनाती नहीं होने पर अभिभावकों ने दोबारा आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
जूनियर हाईस्कूल गेंवाली में 58 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय में शिक्षक नहीं होने पर बीते 20 नवंबर को ग्राम प्रधान बचन सिंह विद्यालय में अनशन पर बैठे थे, जिसके बाद डीएम के आदेश पर शिक्षा विभाग ने नवंबर में विद्यालय में एक शिक्षक की तैनाती की थी। शिक्षक की तैनाती होने के बाद अभिभावकों को उम्मीद जगी थी कि अब पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी, लेकिन पिछले 15 दिनों से विद्यालय फिर से शिक्षक विहीन हो गया है। ग्राम प्रधान रावत ने बताया कि 15 दिनों से विद्यालय में ताला लटका हुआ है। प्रतिदिन स्कूल पहुंचने के बाद छात्रों को निराश लौटना पड़ रहा है।
कोट
गेंवाली जूनियर हाईस्कूल में कार्यरत शिक्षक का स्वास्थ्य शनिवार से खराब चल रहा है। स्वास्थ्य लाभ के लिए शिक्षक अवकाश पर आया है। दो-तीन दिन में शिक्षक ड्यूटी ज्वाइन करेंगे।
-भुवनेश्वर प्रसाद, खंड शिक्षा अधिकारी भिलंगना