गजा-तमियार मोटर मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान बोल्डर की चपेट में आने से पेयजल लाइन टूट गई, जिससे अदवाणी, तमियार, रौंदेली गांवों में पानी का संकट पैदा हो गया है। लोनिवि कई दिन गुजरने के बाद भी लाइन की मरम्मत नहीं कर पया है, जिससे लोगों को टैंकरों से प्यास बुझानी पड़ रही है।
लोनिवि नरेंद्रनगर गजा-तमियार मोटर मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य कर रहा है। मोटर मार्ग के निकट से अदवाणी, तमियार, रौंदेली गांवों की पेयजल लाइन गुजरती है। चौड़ीकरण के दौरान बोल्डरों के चपेट में आने से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे ग्रामीणों के सामने हलक तर करने की समस्या खड़ी हो गई थी।
जल संस्थान ने गांवों में पेयजल आपूर्ति के लिए कुछ दिन टैंकरों से पानी की आपूर्ति करवाई थी, लेकिन बिना पेयजल लाइन के मरम्मत के ही जल संस्थान ने टैंकरों से आपूर्ति बंद कर दी। जिला पंचायत सदस्य अनिल भंडारी, नरेंद्र सिंह, बचन सिंह, वीर सिंह ने कहा कि कई दिनों से गांवों में पेयजल संकट बना हुआ है। लोनिवि क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत नहीं कर रहा है।
ग्रामीणों की पेयजल लाइन सड़क से होकर गुजर रही है। ऐसे में सड़क की कटिंग होने से लाइन के क्षतिग्रस्त होना स्वाभाविक है। कार्य के पूरा होते ही पेयजल लाइन को ठीक कराने के लिए जल संस्थान को धन आवंटित कर दिया जाएगा।
-मो. आरिफ खान, अधिशासी अभियंता, लोनिवि नरेंद्रनगर
लोनिवि की सड़क कटिंग से लाइन को नुकसान पहुंचा है। इस बाबत विभाग को पेयजल लाइन ठीक कराने को कहा गया है। वैकल्पिक साधनों से दोबारा जलापूर्ति शुरू करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
-केसी पैन्यूली, एई, जल संस्थान।