फिल्म और टेलीविजन शो बनाने वालों को पहाड़ों की लोकेशन खूब भाने लगी है। जिले के खूबसूरत स्थलों में ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ सहित कई फिल्मों की शूटिंग के बाद बौराड़ी स्टेडियम में सोमवार को फिर से लाइट, कैमरा, एक्शन की आवाज ने लोगों को खासा उत्साहित किया। यहां फुल हाउस फिल्म एलएलपी के बैनर तले बनाए जा रहे टेलीविजन शो ‘कुर्बांन हुआ’ की शूटिंग हुई।
सीरियल के डायरेक्टर तबरेश खान के निर्देशन में ‘कुर्बांन हुआ’ टीवी सीरियल की शूटिंग के लिए करीब 60 सदस्यीय टीम शनिवार को यहां पहुंची। सोमवार को धूप निकलने के बाद टीम ने बौराड़ी स्टेडियम में यहां एक बस अड्डे पर एक युवक-युवती के बस से उतरने के कई सीन के शॉट लिए। एक प्रेम कहानी पर बनाए जा रहे इस सीरियल में सीनियर कलाकार अयाम मेहता, करन जोटवानी और प्रतिभा रांटेक मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। बताया गया कि बौराड़ी स्टेडियम में 23 जनवरी तक सीरियल की शूटिंग की जाएगी। उसके बाद देवप्रयाग, शिवपुरी और ऋषिकेश में भी टीवी सीरियल ‘कुर्बांन हुआ’ की शूटिंग की जाएगी। शूटिंग के लिए टीम के स्टेडियम पहुंचने पर कई स्थानीय लोग शूटिंग देखने वहां पहुंचे, जिसमें उन्होंने लोकल बस अड्डे पर यात्रियों और दुकानदारों की भूमिका निभाई। इस मौके पर मनीष राणा, नितिन, मानवेंद्र और विवेक आदि मौजूद थे।