टिहरी के उपली रमोली पट्टी के बिजपुर गांव में पिछले तीन दिनों से गुलदार की दहशत बनी है। गुलदार दिन और रात के समय में कई बार गांव के समीप दस्तक दे चुका है।
11 मई को गुलदार ने प्रेम सिंह बिष्ट की गाय को निवाला बना दिया था। तब से गुलदार वहां पर हर दिन पहुंच रहा है, जिससे गांव के लोग भयभीत हैं। महिलाएं चारापत्ती के लिए जंगल नहीं जा पा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने लिए पिंजरा लगाने और प्रभावित परिवार को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है।
वन रेंजर बीडी तिवारी ने बताया कि बिजपुर गांव में गुलदार होने की सूचना मिलने पर बुधवार को वन कर्मियों को वहां मौका मुआयना करने के लिए भेजा गया है। जरूरत पड़ने पर पिंजरा लगाया जाएगा।