ब्लाक कार्यालय में कार्यरत जेई ने प्रमुख पति पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। इस पर ब्लाक कर्मचारियों ने कड़ा रोष जताया है। विरोध स्वरूप जनप्रतिनिधियों ने कर्मचारियों के साथ मिलकर बीडीओ कार्यालय में तालाबंदी कर आरोपी से माफी मांगने की मांग की।
ब्लाक कार्यालय में कार्यरत जेई रेनू कटारिया ने बीडीओ को दिए पत्र में आरोप लगाया कि 16 दिसंबर को ब्लाक प्रमुख शिवानी बिष्ट के पति मानवेंद्र बिष्ट ऑफिस में आए और किसी कार्य की एमबी बढ़ाने का दबाव बनाने लगे। इस पर असमर्थता जताने पर प्रमुख पति ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इससे गुस्साई जेई ने बीडीओ से प्रमुख पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर सोमवार को ब्लाक के अधिकारी-कर्मचारियों सहित कई क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने घटना के विरोध में बीडीओ कार्यालय पर तालाबंदी कर धरना दिया। कर्मियों के समर्थन में पहुंचे ज्येष्ठ प्रमुख संजय मैठाणी, क्षेपं सदस्य उपेंद्र रावत, संजय रावत, रजनी भट्ट, संजय दास आदि ने बीडीओ ज्ञापन देकर कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगाने और प्रमुख पति पर कार्यालय में घुसने पर पाबंदी लगाने की मांग की। उसके बाद बीडीओ डीएस रावत ने कर्मचारियों और सदस्यों के साथ वार्ता कर भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति नहीं होने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। उसके बाद कर्मियों ने ताला खोल दिया। विरोध जताने वालों में प्रीति राठी, प्रीति उनियाल, डीपी चमोली, रेनु कटारिया, गजेंद्र प्रताप, विनोद पंवार, महेश नेगी, दिनेश कुमार, सुरेश गुसाईं, ऋषिपाल लिंगवाल, विजय रमोला, शिवशंकर भट्ट, नरेश सकलानी, नरेश बहुगुणा और दीपक गुसाईं आदि शामिल थे।