कोटीकालोनी और भागीरथीपुरम व्यापार मंडल के चुनाव निर्विरोध संपन्न हुए। चुनाव अधिकारी दीपक राणा ने बताया कि कोटीकालोनी में सभी तीन पदों पर एक-एक नामांकन प्रपत्र भरे गए, जिससे अध्यक्ष पद पर कुलदीप पंवार, महामंत्री गोपाल दत्त रतूड़ी और प्रवीन सिंह रावत कोषाध्यक्ष चुने गए हैं।
भागीरथीपुरम इकाई में भी तीनों पदों के लिए एक-एक नामांकन पत्र भरे गए। चुनाव अधिकारी राजेश जुयाल और विजयपाल रावत ने बताया कि बीपुरम में सुरेश नेगी अध्यक्ष, सोबन कुमाईं महामंत्री और अब्दुल गफ्फार कोषाध्यक्ष चुने गए हैं। उधर, नई टिहरी उद्योग व्यापार मंडल के चुनाव अधिकारी गंगाधर चमोली और कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि नई टिहरी व्यापार मंडल अध्यक्ष पद के लिए तीन नामांकन पत्र भरे गए हैं। महामंत्री पद पर अजय कुमार गुप्ता और कोषाध्यक्ष पद पर मनोज प्रसाद चमोली ने ही नामांकन पत्र भरा है। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए ज्योति डोभाल, भगवान सिंह रावत और विजय सिंह रावत ने नामांकन पत्र भरा है। चुनाव अधिकारी ने बताया कि नई टिहरी व्यापार मंडल का चुनाव सात मार्च को होगा।