नई टिहरी। भिलंगना ब्लॉक के कोट-तोली-जखणा मोटर मार्ग डामरीकरण के अभाव में खस्ताहाल बना है। मार्ग का लंबे समय बाद भी डामरीकरण न होने के कारण ग्रामीण जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। लोनिवि के अधिकारियों का कहना है कि बजट नहीं मिलने के कारण डामरीकरण और सुधारीकरण नहीं हो पा रहा है। इससे ग्रामीणों में रोष है।
बूढ़ाकेदार क्षेत्र के कोट-तोली-जखणा चार किमी रिंग रोड का निर्माण लोनिवि घनसाली ने वर्ष 2020-2021 में कटिंग का कार्य किया था, लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी मोटर मार्ग का डामरीकरण नहीं हो पाया है। मार्ग पर बने गड्ढे, क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार, बंद पड़ी नाली के कारण ग्रामीणों का बारिश में चलना मुश्किल है।
स्थानीय निवासी राजेंद्र सजवाण, सुंदर लाल, डबल सिंह राणा, गजेंद्र का कहना है कि मार्ग पर कोट, तोली, जखाणा आदि गांव के लोग बड़ी संख्या में आवागमन करते हैं, लेकिन मार्ग के खस्ताहाल होने से ग्रामीण जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। बताया कि शासन-प्रशासन से लंबे समय से मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांग को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
तोली-जखणा मार्ग पर प्रथम चरण का कार्य कुछ समय पूर्व ही पूरा हुआ है। जल्द ही मार्ग के डामरीकरण के लिए डीपीआर शासन को भेजी जाएगी। -डीसी नौटियाल, अधिशासी अभियंता लोनिवि घनसाली।