दो किमी सड़क निर्माण नहीं होने से परेशान थे लोग, मेलगढ़ गांव में विधायक निधि से बनेगा मार्ग
वर्ष 2003 में मिली थी 12 किमी सड़क को मंजूरी, 2007 में 10 किमी बनने के बाद हो गया था काम बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
नैनबाग (टिहरी)। नैनबाग तहसील के खरक गांव के ग्रामीणों को दो किमी सड़क निर्माण के लिए 18 वर्ष का लंबा इंतजार करना पड़ा है। अब स्वीकृति मिलने के बाद ग्रामीणों में सड़क निर्माण की उम्मीद जगी है। इधर विधायक निधि से मेलगढ़ गांव के लिए सड़क का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
खरक गांव के श्याम सिंह रावत, सुरेश रावत, वीरेंद्र राकेश रावत, दीवान सिंह ने बताया की कि खरक गांव सुरासू ग्राम पंचायत के अंतर्गत आता है। ग्रामीणों के लंबे संघर्ष के बाद सुमन क्यारी-बणगांव से सुरासु-खरक के लिए वर्ष 2003 में 12 किमी सड़क निर्माण की स्वीकृत मिली थी। वर्ष 2007 में लोनिवि थत्यूड़ ने सुरासू गांव तक 10 किमी सड़क निर्माण करवाया जिसके बाद सड़क निर्माण का कार्य बंद हो गया था।
खरक के ग्रामीण तब से लगातार गांव को सड़क से जोड़ने की मांग करते आ रहे थे। दो किमी सड़क के लिए ग्रामीणों को 18 वर्षों का लंबा इंतजार करना पड़ा। ग्रामीण लोनिवि व जन प्रतिनिधियों के लगातार चक्कर काटते आ रहे थे। इधर लोनिवि के सहायक अभियंता मदन मोहन जोशी ने बताया कि खरक गांव के लिए दो किमी सड़क की प्रथम चरण की स्वीकृति मिल गई है।
वन विभाग, राजस्व विभाग व लोनिवि की टीम ओर से संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर पत्रावली तैयार कर दी गई है। शीघ्र सड़क निर्माण शुरू होने की उम्मीद है। इधर कंडी ग्राम पंचायत के मेलगढ़ गांव के ग्रामीण भी लगातार सड़क की मांग करते आ रहे थे। स्थानीय निवासी राकेश तोमर, सुशील रावत, रोशन लाल, बच्चन लाल ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए वर्षों से ग्रामीण संघर्ष करते आ रहे है। शासन-प्रशासन की ओर जब सड़क निर्माण का कार्य नहीं करवाया तो ग्रामीणों ने थक-हारकर धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार से सड़क निर्माण की गुहार लगाई। इसके बाद विधायक पंवार ने विधायक निधि से गत माह मेलगढ़ के लिए छह किमी सड़क का निर्माण आश्वासन दिया था जिसमें से चार किमी सड़क का निर्माण हो चुका है।