नरेंद्रनगर ब्लाक के इंटर कॉलेज बेरनी के तीन प्रवक्ताओं के स्कूल से नदारद रहने पर डीएम सोनिका ने कोषाधिकारी को एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए है। डीएम ने तीनों शिक्षकों से स्पष्टीकरण भी मांगा है।
नरेंद्रनगर ब्लाक की तीन मई को हुई बीडीसी बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने इंटर कॉलेज बेरनी से शिक्षकों के अक्सर स्कूल से नदारद रहने का मामला उठाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम सोनिका ने डीईओ बेसिक सुदर्शन सिंह बिष्ट को विद्यालय का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे।
चार मई को जब डीईओ बेसिक बिष्ट विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे तो इस दौरान प्रवक्ता अशोक कुमार वर्मा, पंकज कोठारी, जगदीश प्रसाद लाम्भी अनुपस्थित मिली। निरीक्षण रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए डीएम ने तीनों शिक्षकों का चार मई का वेतन रोकने के निर्देश कोषाधिकारी को दिए। साथ ही मुख्य शिक्षा अधिकारी के माध्यम से डीएम ने संबंधित शिक्षकों से स्पष्टीकरण भी मांगा है।