मुख्य स्थलाें पर नियमित अलाव जलाएं : डीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
नई टिहरी। सर्दी के मौसम में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड से निपटने के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम, तहसीलदार और नगर निकाय के अधिशासी अधिकारियों की बैठक लेते हुए डीएम नितिका खंडेलवाल ने सभी व्यवस्थाएं शीघ्र जुटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति ठंड से परेशान न दिखे।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेते हुए डीएम ने कहा कि ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार अधिक ठंड पड़ने की संभावना है। ठंड से बचने के लिए सभी रैन बसेराें में कंबल, भोजन, बिस्तर और हीटर आदि की पर्याप्त व्यवस्था रखें। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को उपचार की आवश्यकता पड़ने पर उसे शीघ्र मेडिकल सुविधा प्रदान करना सुनिश्चित करें। सभी मुख्य नगर क्षेत्रों में अलाव जलाने की नियमित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ईओ को जिले में स्थित छह रैन बसेरा में 66 बेड की फोटो शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। निराश्रित पशुओं की देखभाल करने और जरूरत वाले स्थानों पर सांकेतिक बोर्ड लगाने को भी कहा गया है। जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल को बर्फीले क्षेत्रों में खाद्यान्न की आपूर्ति सुचारु रखने और जिला आपदा प्रबंधन को जेसीबी की लोकेशन सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।