धरने पर बैठे लोगों को मनाने पहुंचे सीएमओ और एसडीएम को लौटाया बैरंग
चंबा (टिहरी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंबा का उच्चीकरण करने और मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने बेमियादी शुरू कर दिया है। धरने पर बैठे लोगों को मनाने पहुंचे सीएमओ डॉ. श्याम विजय और एसडीएम सदर संदीप कुमार को बैरंग लौटना पड़ा।
सीएचसी चंबा का उच्चीकरण करने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, अल्ट्रासाउंड शुरू करने सहित अन्य सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अंकित सजवाण और क्षेत्र पंचायत सदस्य रविंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में लोग सीएचसी में धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने ने कहा कि सीएचसी में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में लोगों को इलाज के लिए ऋषिकेश और देहरादून का रुख करना पड़ता है। सीएचसी रेफर सेंटर हुआ है। कहा कि स्थानीय लोग लंबे समय से सीएचसी में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग कर रहे हैं। लेकिन कोई सुधर नहीं हो पा रहा है। उन्होंने सीएचसी को उप जिला चिकित्सालय बनने, खून की जांच के लिए उच्च तकनीकी गुणवत्ता की मशीनें लगाने, सर्जन और महिला विशेषज्ञ की नियमित नियुक्ति करने, दवाओं की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा, बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर की व्यवस्था करने की मांग रखी।
सीएमओ डॉ़ श्याम विजय और एसडीएम संदीप कुमार ने धरना स्थल पर जाकर धरने पर बैठे लोगों को मनाने का काफी प्रयास किया। उन्होंने मांगें न माने जाने तक धरना जारी रखने की बात कही। इधर सीएमओ ने धरने पर बैठे लोगों से जिला स्तर की समस्याओं का शीघ्र निदान करने का आश्वासन दिया। शासन और महानिदेशालय स्तर की मांगों पर स्वीकृति मिलते ही कार्यवाही शुरू करने की बात कही। धरना देने वालों में पंकज नकोटी, राजन सजवाण, अमित चौहान, अभिषेक बेलवाल, आशीष सजवाण, अमन सुयाल, अनुज सजवाण, विजय नेगी, योगेश उनियाल, शंकर रावत, शुभम रांगड़, बबलू सजवाण, सचिन थपलियाल, रोहन नेगी आदि बैठे रहे।