नैनबाग(टिहरी)। वन विभाग के पुनर्गठन कर मसूरी वन प्रभाग और जौनपुर ब्लॉक में स्थित रेंज कार्यालयों को नरेंद्रनगर वन प्रभाग में शामिल करने पर क्षेत्र के लोगों ने कड़ा विरोध जताया है।
क्षेत्र के लोगों ने डीएम को भेजे ज्ञापन में कहा कि जौनपुर ब्लॉक में स्थित सभी रेंज कार्यालय शिफ्ट करने से क्षेत्र के लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने इस मामले में शीघ्र ही वन मंत्री से मुलाकात करने का निर्णय लिया है। नैनगांव के प्रधान विक्रम सिंह चौहान, श्रीकोट के प्रधान दीपेंद्र सिंह बिष्ट, खैराड़ के प्रधान प्रदीप कवि, शरण सिंह पंवार और गंभीर सिंह रावत आदि ने कहा कि जौनपुर ब्लॉक में स्थित बद्रीगाड रेंज, कैंपटी रेंज, देवलसारी रेंज और जौनपुर रेंज को नरेंद्रनगर वन प्रभाग में शामिल करना कतई न्यायोचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मांग नहीं मानी गई तो क्षेत्र के लोगों को आंदोलन शुरू करने को मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में शीघ्र ही एक प्रतिनिधिमंडल वन मंत्री सुबोध उनियाल से भी मिलेगा। संवाद
वन को आग से बचाना है मानव फर्ज निभाना है
लंबगांव (टिहरी)। जंगलों को आग से बचाने के लिए द हंस फाउंडेशन और वन विभाग ने छात्र-छात्राओं के सहयोग से जन जागरुकता रैली निकाली गई। जीआईसी थापला ओण और जूनियर हाईस्कूल वरुणा वैली एकेडमी जखवालगांव के छात्र-छात्राओं ने जखवालगांव बाजार में रैली निकालते हुए जंगल को आग से बचाने की अपील की। इस दौरान छात्रों ने वन को आग से बचाना है मानव फर्ज निभाना है। उन्होंने जंगलों में आग लगने से होने वाले नुकसान के बारे में भी बताया। रैली में प्रधानाचार्य आशुतोष कुमार शर्मा, डिप्टी रेंजर काशीराम थपलियाल, ब्लॉक समन्वयक मुकेश कुमार, महावीर रांगड़, दिनेश रावत, केदार चाैहान, बेताल सिंह पंवार, सुभाष महर और जगपाल सिंह आदि शामिल थे। संवाद