बारिश की वजह से अघोषित बिजली कटौती और हेंवलनदी का पानी मिट्टी से गंदा होने से पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर क्षेत्र में सुबह होते ही बिजली गुल हो जाती है।
पिछले कई दिनों से आए दिन घंटों बिजली गायब रहने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। इन दिनों साइबर कैफे में परीक्षार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं और प्रवेश परीक्षाओं के फॉर्म डाउनलोड करने के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन लाइट नहीं होने के कारण उन्हें घंटों प्रतिक्षा करनी पड़ रही है।
रमेश सिंह, अंकित कुमार का कहना है कि लाइट गायब रहने से कंप्यूटर संबंधी कामकाज नहीं हो पा रहे हैं। वहीं लगातार हो रही बारिश के कारण फिर से हेंवलनदी के पानी में बड़ी मात्रा में मिट्टी आ गई है, जिससे जल संस्थान को पानी पंपिंग करने में दिक्कत आ रही है।
सोमवार को भी कई घरों में पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाई है। मामले में ऊर्जा निगम के एसडीओ एसके गौतम का कहना है कि बारिश के कारण लाइनों में फॉल्ट आने के कारण बिजली कट करनी पड़ रही है।
भारी बारिश के कारण हेंवलनदी में दोबारा से मिट्टी और जंगलों की राख आ गई थी। अब पानी को साफ करने के बाद पंपिंग शुरू कर दी गई है। एक-दो दिन में सभी घरों में विधिवत पानी पहुंच जाएगा।
-नीरज त्रिपाठी, जेई, जल संस्थान चंबा