टिहरी जिले में कोरोना ने पांव पसार लिए हैं। शनिवार को 22 और नए संक्रमित सामने आए। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 281 पहुंच गई है। इनमें से 68 एक्टिव केस हैं। सभी नए संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर राजकीय नर्सिंग कॉलेज सुरसिंगधार में आइसोलेट किया गया है।
सीएमओ डॉ. मीनू रावत के अनुसार सभी कोरोना पॉजिटिव महाराष्ट्र राज्य के रेड जोन से बीती 26 मई को टिहरी की सीमा में पहुंचे थे। संक्रमितों में जौनपुर ब्लॉक के 13, चंबा और भिलंगना में तीन-तीन, थौलधार के दो, नरेंद्रनगर का एक व्यक्ति शामिल है।
भिलंगना से सबसे ज्यादा 144 संक्रमित
टिहरी जिले के भिलंगना ब्लॉक क्षेत्र में अब तक सर्वाधिक 144, जाखणीधार और प्रतापनगर में 28-28, थौलधार में 23, जौनपुर में 20 नरेंद्रनगर में 12, चंबा में 11, देवप्रयाग 10, जबकि कीर्तिनगर ब्लॉक क्षेत्र में पांच लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
चमोली में तीन, रुद्रप्रयाग में एक कोरोना संक्रमित
गोपेश्वर/रुद्रप्रयाग। चमोली जिले में शनिवार को तीन और रुद्रप्रयाग जिले में एक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। अब चमोली जिले में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 43 हो गई है। शनिवार को 96 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। राहत यह है कि जिले में 28 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। उधर, रुद्रप्रयाग जिले में एक और कोरोना पॉजिटिव मिलने से अब संक्रमितों की कुल संख्या 43 हो गई है। सीएमओ डॉ. एसके झा ने बताया कि पांच दिन पहले पहुंचे प्रवासी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था।
ग्वालदम में दो कोरोना पॉजिटिव मिलने से दहशत
थराली। ग्वालदम में शनिवार को दो और लोगों में कोरोना की पुष्टि होने से लोग दहशत में आय गये। इनमें एक दिल्ली से तथा दूसरा महाराष्ट्र से आया था। महाराष्ट्र से आया युवक होम क्वारंटीन था। अब दोनों को कोविड सेंटर भराड़ीसैंण में आइसोलेट किया गया है। सीएचसी थराली के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवनीत चौधरी ने बताया कि दूसरा व्यक्ति अपने परिवार के साथ दिल्ली से आया था। उसे फैसिलिटी क्वारंटीन किया गया था। दिल्ली से आए व्यक्ति के परिवार के अन्य सदस्यों की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
केवल थर्मल स्क्रीनिंग कर घर भेजा
चमोली। महाराष्ट्र से आए ग्वालदम के टोइयां तोक के युवक के हॉटस्पॉट से आने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने केवल थर्मल स्क्रीनिंग कर होम क्वारंटीन की सलाह दे घर भेज दिया। ग्राम प्रधान हीरा बोरा के अनुसार युवक सात दिन ऋषिकेश में क्वारंटीन रह चुका था, लेकिन उसका सैंपल जांच को नहीं लिया गया। गांव पहुंचने पर ग्राम प्रधान ने जब युवक को गांव के स्कूल में बनाये क्वारंटीन में रहने को कहा गया तो उसने शपथ पत्र दिखाते इससे मना कर दिया। वहीं, युवक के साथ लौटे दो अन्य लोगों ने स्कूल में बनाये गये सेंटर में रहने पर हामी भरी। बताया कि महाराष्ट्र से लौटे युवक का यात्रा इतिहास देखते हुए उन्होंने जिला प्रशासन से युवक के सैंपल लिए जाने की मांग की, तब सीएचसी थराली के डॉ. नवनीत चौधरी ने ग्वालदम क्वारंटीन सेंटर में रह रहे लोगों के साथ ही इस युवक के भी सैंपल जांच को भेजे। सीएमओ डॉ. केके सिंह के अनुसार दोनों संक्रमितों को भराड़ीसैंण भेजकर आइसोेलेट किया गया है। दोनों के संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है।
मुंबई से लौटा दंपती कोरोना पॉजिटिव
उत्तरकाशी। बीती आठ जून को अपने दो बच्चों के साथ मुंबई से लौटे पति-पत्नी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। दोनों को आईसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। उनके आठ और दस साल के दोनों बच्चों के सैंपल भी जांच के लिए एम्स, ऋषिकेश भेजे जा रहे हैं। जिला अस्पताल के वॉर रूम में तैनात डॉ. बिपुल विश्वास ने बताया कि चिन्यालीसौड़ ब्लॉक के रहने वाले इस परिवार को वहीं संस्थागत क्वारंटीन किया गया था।