चाका क्वीली में सात दिवसीय कोटेश्वर पर्यटन एवं विकास मेला शुरू
नई टिहरी। नरेंद्रनगर ब्लॉक के चाका क्वीली में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सात दिवसीय कोटेश्वर पर्यटन एवं विकास मेला शुरू हो गया। लोक गायक इंदर आर्य, ज्योति ध्यानी ने लोकगीत और नृत्य की प्रस्तुति दी7
मुख्य अतिथि वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल, ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र भंडारी, नगर पंचायत गजा अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष बीर सिंह रावत ने मेले का उद्घाटन किया। इससे पूर्व मंत्री उनियाल ने चाका पहुंचकर शहीद स्व. भाग सिंह रावत के स्मारक पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी की। वन मंत्री उनियाल ने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामाजिक एकता को जीवंत रखने का सशक्त माध्यम हैं।
विकास तभी संभव है जब समाज में संकल्प, सहयोग और हौसला हो। उन्होंने शहीद स्व. भाग सिंह रावत स्मारक के सौंदर्यीकरण के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की। लोक गायक इंदर आर्य और ज्योति ध्यानी ने मां भगवती के भजनों से कार्यक्रमों की शुरूआत की। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह असवाल, ताजबीर सिंह खाती, गिरीश बंठवाण, मुनेंद्र उनियाल, मकान सिंह चौहान, व्यापार सभा अध्यक्ष जीत राम उनियाल, महामंत्री शेर सिंह पयाल मौजूद रहे।