टिहरी में आयोजित सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का चौथा दिन
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
नरेंद्रनगर (टिहरी)। सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या छात्र-छात्राओं के नाम रही। उन्होंने देश के अलग-अलग राज्यों की संस्कृति से जुड़े गीत-नृत्य और देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। बुधवार रात करीब 10 बजे मां कुंजापुरी की आराधना के साथ शुरू हुई सांस्कृतिक संध्या तड़के साढ़े तीन बजे तक चलती रही। बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने छात्रों की मनमोहक प्रस्तुतियों की खूब सराहना की।
47 वें कुंजापुरी मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या पर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए छात्र-छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। जीआईसी नरेंद्रनगर के छात्रों ने लहू अपना दे दूं चमन के लिए, मेरी जान मेरे वतन के लिए सहित कई कव्वाली से खूब तालियां बटोरी। इसके अलावा उन्होंने गुजराती गीत-नृत्य की प्रस्तुति दी। माउंट कार्मल क्रिश्चियन अकेडमी के छात्रों ने किस्सा लड़की का कव्वाली की प्रस्तुति के साथ ही उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान सुर्खियों में रहा गढ़वाली गीत कोदा झंगोरा खाएंगे उत्तराखंड राज्य बनाएंगे की प्रस्तुति दी।
जीजीआईसी नरेंद्रनगर की छात्राओं ने मां ने दरबार लगाया है, चलो बुलावा आया है और गढ़वाली झूमेलो पेश किया। श्री गुरूराम राय पब्लिक स्कूल, कस्तूरबा गांधी विद्यालय आमपाटा, नरेंद्र महिला विद्यालय भागीरथीपुरम, शीशमझाड़ी स्कूल और संस्कार सृजन ढालवाला सहित 22 स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियां दी।
प्रतियोगिता के अनिवार्य वर्ग में नरेंद्र महिला विद्यालय भागीरथीपुरम प्रथम, जीजीआईसी नरेंद्रनगर दूसरे और पुष्पा बडेरा ढलवाला तीसरे स्थान पर रहा। ऐच्छिक वर्ग में श्री गुरू रामराय पब्लिक स्कूल प्रथम, नरेंद्र महिला विद्यालय बीपुरम दूसरे और कस्तूरबा गांधी विद्यालय आमपाटा तीसरे स्थान पर रहा। अनिवार्य बालक वर्ग में श्री गुरूराम राय स्कूल प्रथम, जीआईसी नरेंद्रनगर द्वितीय रहा।
बालक वर्ग ऐच्छिक में जीआईसी नरेंद्रनगर प्रथम, माउंट कार्मल द्वितीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के निर्णायकों में मदनलाल चमोली, ऋतुराज सिंह नेगी और पुष्पा राणा शामिल थे। इस दौरान वन मंत्री सुबोध उनियाल, पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, सभासद मनवीर नेगी, विनीता ममता, साकेत बिजल्वाण, आशा टम्टा, नरपल सिंह भंडारी, बीईओ ओमप्रकाश वर्मा, प्रधानाचार्य मंजू चौहान और डीएस गौतम आदि मौजूद थे।
-
झांकी में शिशु मंदिर रहा प्रथम
नरेंद्रनगर (टिहरी)। सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी मेले के उद्घाटन पर छात्र-छात्राओं की ओर से निकाली झांकी के परिणाम घोषित किए गए हैं। प्राथमिक वर्ग में सरस्वती शिशु मंदिर ने पहला स्थान हासिल किया है। जबकि पुष्पा बडेरा ढ़ालवाला दूसरे और अंचल विद्या भारती तीसरे स्थान पर रहे। माध्यमिक वर्ग में जीजीआईसी नरेंद्रनगर प्रथम, माउंट कार्मल स्कूल द्वितीय और राजीव गांधी नवोदय विद्यालय देवलधार तीसरे स्थान पर रहा। अन्य प्रतियागिताओं में राजकीय महाविद्यालय 78 अंक के साथ प्रथम, पॉलीटेक्निक कॉलेज नरेंद्रनगर 68 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। खेल प्रतियोगिता के मार्च पास्ट में प्राथमिक वर्ग में श्री गुरूराम राय स्कूल 68 अंक के साथ प्रथम, माउंट कार्मल 64 अंक के साथ द्वितीय रहा। माध्यमिक वर्ग में श्री गुरू राम राय स्कूल 73 अंक के साथ पहले और कार्मल स्कूल 72 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। संवाद