नई टिहरी। बीएसएनएल कैजुअल एंड कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स फेडरेशन (संविदा कर्मी) टिहरी-उत्तरकाशी खंड से हटाए गए कर्मियों ने सेवा बहाली समेत अन्य मांगों को लेकर बीएसएनएल कार्यालय के बाहर धरना दिया। साथ ही मोहन लाल ने अनशन शुरू कर दिया है।
फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष नित्यानंद बहुगुणा के नेतृत्व में कर्मी मांगों के समर्थन पिछले कई दिनों से धरने पर बैठे थे। बीएसएनएल से हटाए गए कर्मियों को समर्थन देने विधायक किशोर उपाध्याय सोमवार को धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने बीएसएनएल के अधिकारियों और डीएम से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के समाधान को कहा।
25-30 सालों से कर्मी अल्प मानदेय पर बीएसएनएल में सेवाएं दे रहे थे लेकिन उन्हें बिना कारण के हटा दिया जाना उचित नहीं है। सेवा बहाली की मांग को लेकर हटाए गए कर्मी मोहन लाल ने अनशन शुरू कर दिया। संविदा पर कार्यरत कर्मियों को मानकों के अनुसार मानदेय, ईपीएफ, ईएसआई की सुविधा न देकर उनको सामाजिक सुरक्षा से वंचित किया जा रहा है। मांगों पर शीघ्र ही कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। धरना देने वालों में महेश डोभाल, सुशील बहुगुणा, शांति बहुगुणा, जयदेव रावत, मकान सिंह तड़ियाल, जयेंद्र पंवार, सुरेश तोपवाल, विनीत रावत शामिल रहे। संवाद